सुपौल. अभी तक आपने बैंक, व्यापारिक प्रतिष्ठान, पब्लिक प्रॉपर्टी और नेताओं की सुरक्षा में तैनात पुलिस के जवानों को देखा होगा. लेकिन इससे अलग अब बिहार के सुपौल (Supaul) में कब्र की रखवाली की जा रही है. दरअसल यहां कब्र सुरक्षित नहीं है. यहां कब्र से बच्चों की लाश गायब होने का मामला सामने आने पर अब चौकीदारों को कब्र की पहरेदारी के काम में लगाया गया है. घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बघला नदी के किनारे स्थित कब्रिस्तान से जुड़ा है. लाश गायब होने की शिकायत पर जांच के लिए यहां पहुंचे त्रिवेणीगंज के एसडीओ एस जेड हसन ने यहां चौकीदार की तैनाती कर दी है. अब चौकीदार रात भर जग कर कब्र में दफन लाशों की निगरानी करेंगे.

बघला नदी किनारे स्थित इस कब्रिस्तान में सुबह एक बुजुर्ग ने देखा कि यहां के तीन कब्रों को खोदा गया है. उन्होंने नजदीक जाकर देखा तो पाया कि इसमें दफन लाश गायब है. उनका कहना है यहां से तीन शव गायब है. गांववालों को यह पता चला तो उन्होंने त्रिवेणीगंज थाना और एसडीओ को इसकी सूचना दी.

स्थानीय लोगों का कहना है कि छह महीने पहले भी यहां कब्रों को खोद कर रहस्यमय तरीके से लाशों को निकाला गया था. जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने जांच की थी, लेकिन कुछ भी खुलासा नहीं हो सका था. हालांकि त्रिवेणीगंज के एसडीओ एस जेड हसन ने कहा कि यह कब्र कई माह पुरानी है जिनसे लाशें गायब नहीं हुई है. यह अंधविश्वास से जुड़ा मामला हो सकता है, किसी ने जादू-टोने की वजह से यह किया हो.
Source : News18









