मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बेबाक तरीके से अपनी बात कहने वाल नालंदा जिले के कल्याण बीघा का सोनू लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. 5वीं क्लास में पढ़ने वाले 11 साल के सोनू का आत्मविश्वास और उसके बात करने का अंदाज देखकर लोग दांतों तले उंगलियां दबा रहे हैं. सोनू की समझदारी व ज्ञान देखकर लोग प्रशंसा कर रहे हैं. एक बार फिर उसकी तारीफ हो रही है,, क्योंकि उसने सटीक जवाब देकर लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की बोलती बंद करा दी. दरअसल, सोनू ने जवाब ही कुछ ऐसा दिया कि वीडियो कॉल पर सोनू से बात कर रहे तेज प्रताप यादव को फोन काटना पड़ गया.

दरअसल, नालंदा के कल्याणबिगहा का हने वाला सोनू जब से सुर्खियों में आया है, तब से ही कई लोग उसकी सहायता करने के लिए आगे आ रहे हैं. इसी क्रम में तेज प्रताप यादव ने सोनू को वीडियो कॉल किया और पूछा कि क्या बनोगे?- डॉक्टर या इंजीनियर? इस पर सोनू ने आराम से कहा कि आईएएस. इस जवाब पर तेज प्रताप ने कहा कि आईएएस बनना तो मेरे अंडर काम करना, जब हमारी सरकार बिहार में बनेगी. इस पर सोनू ने तपाक से जवाब दिया कि मैं किसी के अंडर में काम नहीं करूंगा. यह सुनते ही तेज प्रताप यादव ने फोन काट दिया. इस बातचीत का वीडियो सामने आया है.

तेज प्रताप ने बच्चे से कहा-मेरे घर आना
करीब डेढ़ मिनट तक की इस बातचीत का वीडियो एक कार के अंदर का है, जिसमें तेज प्रताप यादव वीडियो कॉल के माध्यम से गाड़ी में बैठकर बात कर रहे थे. बातचीत में सोनू ने पूछा कि सर आप हमारे गांव कब आएंगे? इस पर तेज प्रताप ने कहा कि जब तुम बुलाओगे तब आ जाऊंगा. तुम बोल्ड लड़के हो. हम तुम्हारे फैन हो गए हैं. तुम मेरे बिहार के स्टार हो. इस दौरान तेज प्रताप ने बच्चे से कहा कि आवास पर आना.
Source : News18






![]()


